तुर्की में बारूदी सुरंग के धमाके में एक लेफ़्टिनंट रैंक का सैन्य अधिकारी मारा गया। समझा जाता है कि पूर्वी तुर्की में यह धमाका पी के के के आतंकियों ने किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह धमाका पूर्वी तुर्की के अर्ज़ूरम-कार्स राष्ट्रीय मार्ग पर हुआ जिसमें 2 लोग घायल भी हुए हैं। घटना स्थल के आस-पास और बारूदी सुरंगों का पता लगाने के लिए कोशिश जारी थी। शुक्रवार देर रात कार्स प्रांत के कागीज़मन इलाक़े में राष्ट्रीय मार्ग पर पी के के ने रुकावट खड़ी कर दी थी। यह घटना ऐसी हालत में घटी है जब उत्तरी इराक़ में सीमा के निकट पी के के के ठिकानों पर अंकारा के हवाई हमले जारी हैं। इसी प्रकार तुर्की की सेना, उत्तरी सीरिया में आईएसआईएल के नियंत्रण वाले ठिकानों पर भी कथित रूप से हमले कर रही है। यह हवाई हमले 20 जुलाई की उस घटना के बाद शुरु हुए जब दक्षिणी तुर्की के सुरूच क़स्बे में एक बहुत ही ख़तरनाक बम धमाका हुआ था जिसमें दर्जनों व्यक्ति हताहत व घायल हुए थे। तुर्की की सरकारी न्यूज़ एजेंसी अनातोली ने शनिवार को बिना किसी सूत्र के हवाले से कहा है कि पी के के के ठिकानों पर अब तक के हवाई हमलों में 266 पी के के के आतंकी मारे गए हैं जबकि पी के के का कहना है कि यह संख्या बहुत कम है।
तुर्की के दक्षिण-पूर्व में स्वशासन की कोशिश के लिए दशकों से पी के के के आतंकवादी हमले कर रहा है।